- एमएससी व बीएससी एजी प्रथम वर्ष के करीब 200 छात्रों का फाॅर्म खारिज
- प्रशासनिक भवन पहुंच कर दो घंटे तक दिया धरना, डीएसडब्ल्यू को सौंपा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्रों का आय प्रमाणपत्र गलत जमा होने पर खारिज हो गया है। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार की शाम बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन पहुंच कर प्रदर्शन करने लगे। करीब दो घंटे धरना प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपना मांग पत्र डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दूबे को सौंपा। इसमें एमएससी व बीएससी एजी प्रथम वर्ष के करीब 200 छात्रों का फाॅर्म खारिज हुआ है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में सेल फाइनेंस के तहत संचालित एमएससी व बीएससी एजी प्रथम वर्ष के छात्रों ने कुलपति को संबोधित ज्ञापन डीएसडब्ल्यू को सौंपते हुए बताया कि उन्होंने जानकारी के अभाव में छात्रवृत्ति फाॅर्म भरने के साथ अपना आय प्रमाणपत्र लगा कर जमा कर दिया, जिसे खारिज कर दिया गया। इसकी जानकारी उनको विभाग के जिम्मेदारों के द्वारा नहीं दी गई कि आय प्रमाणपत्र पिता का लगाना है। ऐसे में छात्रवृत्ति फाॅर्म खारिज होने से वह लाभ पाने से वंचित हो जाएंगे। वह सभी लोग मध्यमवर्गीय परिवार के हैं। धरना-प्रदर्शन के दौरान छात्रनेता प्रतीक तिवारी, नारायण दत्त पाठक, सत्यम गोस्वामी, सतीश प्रजापति, प्रिंस मिश्रा, विकास मिश्रा, बल्लू यादव, अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे।