विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के फिटनेस सेंटर का कुलपति ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को नए साल के मौके पर बडी सौगात मिली। क्रीड़ा परिषद भवन में बने फिटनेस सेंटर का शुभारंभ कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। जिसके बाद पंजीकृत लोगों एवं खिलाड़ियों ने जिम का उपयोग शुरू कर दिया।
कुलपति ने कहा कि नए वर्ष पर यह सभी के लिए तोहफा है। यहां खिलाड़ी, शिक्षक और कर्मचारी वर्कआउट करेंगे। अच्छा स्वास्थ्य होने पर ही किसी कार्य में व्यक्ति अपना बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के लिए इसे पूरी तरह निशुल्क कर देने से यहां के विद्यार्थियों में फिटनेस को लेकर रुचि बढ़ेगी।
उच्च स्तरीय उपकरण उपलब्ध
क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालय में स्थित इस फिटनेस सेंटर में जिम से संबंधित सभी उच्च स्तरीय उपकरण उपलब्ध हैं। अब इसे क्रियाशील कर दिया गया है। प्रथम चरण में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उपयोग के लिए पंजीकरण कराया है। खिलाड़ी इसका निशुल्क उपयोग करेंगे। क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. राजवीर सिंह ने कार्यक्रम का संयोजन किया।
इस दौरान उपाध्यक्ष प्रो. आलोक गोयल, प्रो. विजय चहल, सह सचिव डॉ. मनीष पांडेय, प्रो. करुणाकर राम त्रिपाठी, प्रो. हिमांशु पांडेय आदि उपस्थित रहे।