गोरखपुर। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एमए फिजिकल एजुकेशन की कक्षाएं अब विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में स्थित क्रीड़ा परिषद भवन में चलेंगी। पहले ये कक्षाएं महाराणा प्रताप परिसर में स्थित भवन में संचालित हो रही थीं। जिसके चलते छात्रों को वहां कक्षा लेने के बाद अभ्यास करने के लिए विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर जाना पड़ता था। अब छात्र पढ़ाई के साथ वहीं पर अभ्यास भी कर सकेंगे।
गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सत्र से एमबीए और बीबीए में एक-एक सेक्शन बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले एक सेक्शन में 75 छात्रों का प्रवेश लिया जाता था। अब यह संख्या बढ़कर 150-150 हो जाएगी। एमबीए और बीबीए की कक्षाएं महाराणा प्रताप परिसर में स्थित शिक्षा शास्त्र विभाग के पास स्थित भवन में संचालित होती हैं।
ऐसे में इस सत्र से छात्रों की संख्या बढ़ने पर दिक्कत होती। इसे देखते हुए महाराणा प्रताप परिसर में गोरक्षनाथ शोधपीठ से आगे जाने पर दाहिने तरफ स्थित भवन को लेने का निर्णय लिया गया। इस भवन में फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई हो रही थी।
कुलपति के निर्देश पर अब फिजिकल एजुकेशन विभाग को क्रीड़ा परिषद भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। क्रीड़ा परिषद भवन के कमरे में उनकी कक्षा का संचालन शुरू हो गया है। विभाग को शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
कोट...
फिजिकल एजुकेशन को क्रीड़ा परिषद भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। छात्र पढ़ाई के साथ वहीं पर अभ्यास भी कर सकेंगे। महाराणा प्रताप परिसर के जिस भवन में फिजिकल एजुकेशन की कक्षाएं चल रही थीं उसमें एमबीए व बीबीए की कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति