गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में होली में अब एक नहीं तीन दिनों का अवकाश होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने होली पर 25 से 27 मार्च तक अवकाश का आदेश जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के कैलेंडर में केवल एक दिन अवकाश दिया गया था, लेकिन शिक्षकों-कर्मचारियेां की मांग को देखते हुए इसे बढ़ा दिया गया है। 24 मार्च को रविवार है। यानी अब विश्वविद्यालय 24 से 27 मार्च तक बंद रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए वार्षिक कैलेंडर में छुट्टियों में बड़ी कटौती की थी। होली, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े पर्वों पर एक दिन अवकाश घोषित किया गया था। इसे लेकर शिक्षकों-कर्मचारियों में रोष था। संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों के संगठन गुआक्टा ने इस कैलेंडर को मानने से इनकार कर दिया था। बीते 15 मार्च को स्ववित्तपोषित कॉलेज प्राचार्य परिषद ने 25-30 मार्च तक कॉलेज बंद रखने की घोषणा कर दी थी।
स्ववित्तपोषित कॉलेज प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मुरारी पाल ने कहा कि स्ववित्तपोषित कॉलेजों में 25-30 मार्च तक अवकाश का निर्णय ले लिया गया है। इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। गुआक्टा के अध्यक्ष प्रो. केडी तिवारी और महामंत्री प्रो. धीरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी एडेड कॉलेजों के प्राचार्यों से 30 मार्च तक छुट्टी का आग्रह किया गया है। ज्यादातर प्राचार्यों ने 29 तक छुट्टी पर सहमति दे दी है। मार्च क्लोजिंग के कारण 30 को कॉलेज खुल सकते हैं।