दो मंजिला भवन के लिए शासन ने स्वीकृत किया धन
शासन से प्रथम किस्त के रूप में 3.8 करोड़ रुपये हुए अवमुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में नए परीक्षा एवं मूल्यांकन भवन के निर्माण के लिए शासन से 8.22 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त करीब 3.8 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिया गया है। विश्वविद्यालय में प्राचीन इतिहास विभाग के पास खाली जमीन पर 2200 वर्ग मीटर में दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में परीक्षा एवं मूल्यांकन भवन नहीं होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वाणिज्य संकाय के पास इंजीनियरिंग भवन को पहले परीक्षा भवन के रूप में बनाया गया था। बाद में इसमें इंजीनियरिंग भवन खुल जाने से प्रशासनिक भवन के पास मोहन सिंह भवन से परीक्षा संबंधी कार्याें को निपटाया जा रहा था।
इस भवन में हाॅल छोटा होने के साथ अन्य पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने से मूल्यांकन के समय काफी दिक्कत होती थी। इसको दृष्टिगत रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शासन से नए परीक्षा एवं मूल्यांकन भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा था।
शासन की ओर से 2200 वर्ग मीटर में दो मंजिला भवन के निर्माण के लिए 822.16 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें साथ ही 308.34 लाख की धनराशि को इस कार्य के लिए रिलीज कर दिया गया है। इस कार्य के लिए शासन की ओर से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, लखनऊ को नामित किया गया है।
-
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
विश्वविद्यालय में प्राचीन इतिहास विभाग के पास खाली जमीन पर करीब 2200 वर्ग मीटर में निर्मित होने वाले दो मंजिला भवन का प्रयोग परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित कार्य में किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में ऑटोमेटिक फायर अलार्म सिस्टम तथा दीमक प्रतिरोधी क्षमता आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी।
-
वर्जन
विश्वविद्यालय में परीक्षा एवं मूल्यांकन भवन के निर्माण के लिए शासन से करीब 8.22 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इसकी प्रथम किस्त करीब तीन करोड़ आठ लाख रुपये रिलीज भी कर दिया गया है। परीक्षा भवन प्राचीन इतिहास विभाग के पास खाली जमीन पर बनाया जाएगा। स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
-प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू