गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू हो रही हैं। शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीडीयू प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आईटीसी सेल में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिन केंद्रों पर सोमवार को परीक्षा शुरू हो रही है, वहां के सीसीटीवी कैमरों की जांच रविवार को कंट्रोल रूम से की गई। सभी जगहों पर कैमरे ठीक पाए गए। पहले दिन कुल 111 केंद्रों पर परीक्षा होगी जिसमें कुल 12065 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी।
प्रतिबंधित सामग्री मिली तो कार्रवाई
मुख्य नियंता प्रो. सतीश चन्द्र पांडेय ने कहा कि परीक्षार्थी साइकिल स्टैंड में ही पार्किंग करें। मोबाइल, कैलकुलेटर समेत कोई भी प्रतिबंधित सामग्री मिली तो छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।