डीडीयू के संवाद भवन में आयोजित कार्यशाला में कर्मचारियों को दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में जल्द ही समर्थ पोर्टल पूरी तरह से प्रभावी होने जा रहा है। समर्थ ईआरपी पर एक-एक चीजें अपडेट की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार से कर्मचारियों के लीव मैनेजमेंट माड्यूल की शुरुआत हो गई। अब कर्मचारियों को अवकाश के लिए समर्थ पोर्टल पर आवेदन करना होगा। अब तक डीडीयू के पोर्टल पर आवेदन करना होता था।
समर्थ पोर्टल पर लीव मैनेजमेंट मॉड्यूल के सुचारू रूप से संचालन के लिए बुधवार को संवाद भवन में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें समर्थ पोर्टल के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। अध्यक्षता कुलसचिव प्रो. शांतनु रस्तोगी ने की। अवकाश आवेदन एवं अन्य जानकारियां सुधीर कुमार तिवारी ने दी। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. मनीष मिश्र ने किया।
आरटीआई व आईजीआरएस से संबंधित जानकारी भी जल्द
आरटीआई एवं आईजीआरएस से संबंधित जानकारियां भी समर्थ पोर्टल पर लाई जाएंगी। आरटीआई एवं आईजीआरएस संबंधित आवेदनों को संबंधित विभाग के यूजर आईडी पर भेजा जा रहा है। संबंधित विभाग आईटीसी सेल से यूजर आईडी प्राप्त कर समर्थ पोर्टल पर आवेदनों को निस्तारित करेंगे।
काम को आसान बनाएगा ‘समर्थ’
समर्थ पोर्टल के पूर्ण रूप से संचालित होने पर विद्यार्थी, कर्मचारी और अन्य लोग भी सभी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रशासनिक व्यवस्थाएं मजबूत होंगी। पोर्टल से शिक्षक और कर्मचारी अपनी छुट्टी का आवेदन, पे-स्लिप, विद्यार्थियों के अंक दर्ज करने, शिकायत, प्रोन्नति व शोध कार्य विवरण प्रोफाइल बनाकर अपलोड कर सकेंगे। विद्यार्थी अपनी उपस्थिति, फीस, सेमेस्टरवाइज विषय पंजीकरण, छात्रावास के लिए आवेदन, शिकायत और सुझाव दे सकेंगे।