तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 168 पदक होंगे दांव पर्र
कुलपति करेंगी शुभारंभ, स्मारिका का विमोचन भी
एथलेटिक्स मीट में कुल 44 खेलों का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के लिए 30 नवंबर से आयोजित होने वाली वार्षिक एथलेटिक्स मीट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों को देर रात अंतिम रूप दिया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में कुल 168 पदक दांव पर हैं।
डीडीयू की कुलपति प्रो. पूनम टंडन नए स्टेडियम में सुबह 10:30 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगी। एथलेटिक्स मीट के अवसर पर निकलने वाली क्रीड़ा परिषद की स्मारिका का विमोचन भी कुलपति करेंगी। उसके बाद सुबह सवा 11 बजे से प्रतियोगिता शुरू हो जाएगी।
क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने बताया कि महिला व पुरुष वर्ग के कुल 44 खेलों में 56 स्वर्ण समेत 168 पदक दांव पर होंगे। इसमें एथलेटिक्स के दौड़, कूद और थ्रो शामिल हैं। प्रतियोगिता में 50 से अधिक कॉलेजों के 600 से अधिक खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर बनाए गए हैं। सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
....
पहले दिन ये प्रतियोगिताएं
सुबह के सत्र में पुरुष वर्ग में 800 मीटर फाइनल दौड़, 200 मी. हीट, शॉटपुट, लंबी कूद प्रतियोगिताएं होंगी। महिला वर्ग में 800 मी. फाइनल, 200 मी. हीट, लंबी कूद और शॉटपुट आयोजित होंगी। सांध्य सत्र में पुरुष और महिला वर्ग में 200 मीटर और 5000 मीटर का फाइनल खेला जाएगा।
...
यहां हुई ठहरने की व्यवस्था
दूरवर्ती क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के ठहरने की व्यवस्था अलकनंदा छात्रावास में की गई है। छात्रों के ठहरने की व्यवस्था स्वामी विवेकानंद छात्रावास के सामने बने नए खेल छात्रावास में की गई है।
...
प्रतियोगिता से चुनी जाएगी एथलेटिक्स टीम
भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से निर्धारित मानकों एवं इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर डीडीयू की एथलेटिक्स टीम चुनी जाएगी। यह टीम 25 से 28 दिसंबर तक केआईआईटी विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित अंतरविश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।