- गुलरिहा इलाके में हुई घटना, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा (गोरखपुर)। इलाके के जंगल डुमरी नंबर एक में बहन को घर से निकालने का विवाद सुलझाने गए पिता और दो भाइयों को ससुराल वालों ने दौड़ाकर पीट दिया, जिसमें तीन लोगों को चोटें आई हैं। छोटे भाई रोहित का सिर फट गया। पीड़िता ने गुलरिहा पुलिस को देवर समेत चार के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के बरौली निवासी राजकुमार बेटी शशिकला की शादी पांच वर्ष पहले जंगल डुमरी नंबर एक टोला बुधबाजार निवासी मिथुन से की थी। दोनों से दो बेटियां हैं। छह माह पहले शशिकला के पति की मौत हो गई। जिसके बाद से ससुराल वाले महिला को घर में रखने से मना करने लगे। तीन बार बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिए थे।
इसी विवाद को सुलझाने के लिए पिता राजकुमार अपने दोनों बेटों निरंजन व रोहित के साथ बेटी के ससुराल गए थे। शशिकला ने तहरीर में लिखा है कि रविवार की सुबह 11 बजे देवर गणेश, जमुना बेलदार, रघुबीर व रामदरश गाली देते हुए पिता व दोनों भाइयों को लाठी डंडे से मारकर घायल कर दिए। छोटे भाई रोहित का सिर फट गया।