गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के खोखर टोला में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के मामले में जेल में बंद सपा नेता जफर अमीन डक्कू की सोमवार को पुलिस ने छेड़खानी और हत्या की कोशिश से जुड़े मामले में रिमांड ली। रिमांड के दौरान पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका और जमीन से जुड़े विवाद के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। खोखर टोला में बीते मंगलवार को जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि जफर अमीन डक्कू समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान महिलाओं से विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया था। राजघाट पुलिस ने डक्कू को गिरफ्तार कर पहले शांतिभंग की आशंका में चालान किया था। सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें जेल भेज दिया था। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में छेड़खानी और हत्या की कोशिश से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद डक्कू की रिमांड के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था। पुलिस अब जमीन से संबंधित दस्तावेजों के साथ घटना के वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटा रही है।