अमर उजाला की ओर से एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। अमर उजाला की ओर से खाद कारखाना परिसर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बालस्थली स्कूल, बरगदवां के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने सशस्त्र सीमा बल के जवानों को राखी बांधकर उनसे देश की रक्षा का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट जयप्रकाश आर्य ने कहा कि भारत मां की सेवा करने के लिए हम घरों को नहीं जाते हैं। सभी त्योहार यहीं रहकर मनाते हैं। भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन पर जब ये बहनें हमें राखी बांधती हैं तो अत्यधिक खुशी महसूस होती है। बहनों ने आज हमें राखियां बांधी हैं। उनसे मेरा वादा है कि देश के सीमा की सुरक्षा के लिए जो कुछ भी करना पड़े, उसके लिए हम पीछे नहीं हटेंगे।
बालस्थली स्कूल की अक्षरा, वैष्णवी, आदिति, खुशी, जह्वी, अंजलि, धृति, अंशिका, सरोज, राधिका, श्रद्धा, निधि सिंह चतुर्वेदी आदि ने जवानों को राखी बांधी। छात्राओं और महिला शिक्षिकों ने कहा कि देश के वीर जवानों को राखी बांधना हमारे लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट असेम हेमू चंद्र, इंस्पेक्टर त्रिलोक कुमार सहित 50 से अधिक जवान मौजूद रहे।