गोरखपुर। बड़ौदा यूपी बैंक सेवा निवृत्त कार्मिक समिति गोरखपुर क्षेत्र प्रथम की पहली आमसभा की बैठक शनिवार को हुई। जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार करते हुए प्रबंधन से अपेक्षा की गई कि पूर्व कार्मिकों की समस्याओं का निस्तारण यथाशीघ्र हो।
बैठक की शुरूआत में जून और जुलाई में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान यह मांग उठी कि सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को परिचयपत्र सेवा निवृत्ति के समय ही उपलब्ध कराएं। उनकी भविष्य निधि अधिकतम 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए। समिति के मंत्री जेएन त्रिपाठी ने राष्ट्रीय स्तर पर हो रही एसोसिएशन की गतिविधियों की जानकारी दी।
प्रहलाद दूबे (संरक्षक), आरके पांडेय (अध्यक्ष), रविंद्र सिंह, बीके सिंह, स्वतंत्र कुमार सिंह, जय सिंह, पंकज कुमार श्रीवास्तव, दयानंद सिंह, लोरिक यादव, राम सिंह यादव, कैलाश सिंह समेत अनेक लोगों ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरके पांडेय और संचालन महामंत्री रामचंद्र विनायक सहस्रबुद्धे ने किया।