गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के वार्षिक कला संस्कृति एवं साहित्य उत्सव ''''अभ्युदय'''' 2023 के दूसरे दिन भित्तिचित्र प्रतियोगिता ''''ग्रैफिटी'''' में विद्यार्थियों की पेंटिंग में आधुनिकता के साथ ग्रामीण परंपरा भी झलकी। राजस्थान की परंपरागत वेशभूषा के अलावा ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के बीच बतकही को भी पेंटिंग में प्रदर्शित किया गया। वहीं, शनिवार को ‘अभ्युदय- 2023’ के दूसरे दिन भी सुबह से रात तक विभिन्न आयोजन होते रहे। शाम को फैशन शो ‘हरमोसा’ में छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक से अपना जलवा बिखेरा। ईडीएम नाइट में भी खूब थिरके।
शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे से ही हो गई। प्रतिभागियों ने परिसर के मुख्य द्वार के पास की दीवार पर अपनी कला का प्रदर्शन कर निर्णायकों का मन मोह लिया। इसमें विद्यार्थियों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में हुनर दिखाया। प्रतियोगिता में गोरखपुर विश्वविद्यालय की टीम के सदस्यों पूजा, अमृता सिंह, रोशन सिंह, एवम अभिषेक पासवान तथा एमएमएमयूटी की टीम के सदस्यों सोनाली, यशी, अंशिका, दिव्यांश और मयंक के भित्ति चित्र को निर्णायक मंडली एवं दर्शकों की ढेर सारी सराहना मिली। वहीं, पूरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुई।
नाट्य प्रतिस्पर्धाओं नुक्कड़ नाटक और स्पिलबर्ग में प्रतिभागियों ने अपने अभिनय से निर्णायकों को प्रभावित किया। गूंज, रागा, मेल-जोल, काइट रनर, बुगी थ्रिल्स, हेयर स्टाइलिंग, लाइवली फेसेट्स, पालेट्स द क्लोसेट, स्केचिंग और ब्रश-ऑवर जैसी प्रतियोगिताएं हुई। इसमें गोरखपुर और आसपास के तमाम शैक्षणिक संस्थानों, कला संस्थानों और विद्यालयों के छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपना हुनर दिखाया। प्रतियोगिता में एमएमएमयूटी के अलावा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी, जौनपुर और दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी, गोरखपुर के छात्रों ने भी बढ़-चढकर हिस्सा लिया।
निर्णायक मंडली में कुलपति सरोज पांडेय, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. पीके सिंह एवं डॉ. हरीश चंद्रा शामिल रहे।
फैशन शो हरमोसा में रैंप वॉक कर दिखाया जलवा
फैशन शो ‘हरमोसा’ में एमएमएमयूटी के करीब दो सौ छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कुल एक घंटे के इस कार्यक्रम में पारंपरिक परिधानों के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की वेशभूषा में रैंप वॉक कर विद्यार्थियों ने पूरे देश की संस्कृति को करीने से दिखाने की कोशिश की। रैंप वॉक के दौरान प्रतिभागियों को खूब वाहवाही मिली। दूसरे दिन का अंतिम कार्यक्रम ईडीएम नाइट में डीजे सिड ने अपनी प्रस्तुति से वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया।