सावन मास के पांचवे सोमवार पर महानगर के सभी शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन कर उन्हें प्रसन्न किया। सुबह से ही हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष गूंज रहे हैं।
सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में शिवालयों के बाहर भक्तों की कतार लगने लग गई। सुबह चार बजे पुजारियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद शिवालयों के कपाट लिए खोल दिए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
महादेव झारखंडी मंदिर व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर सहित लगभग सभी शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी हुई है। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को भांग धतूरा, बेलपत्र, श्वेत मदार पुष्प,गन्ना आदि अर्पित करने के बाद दूध या जल से अभिषेक किया।
इसे भी पढ़ें: मानबेला में जीडीए लांच करेगा राप्तीनगर विस्तार आवासीय योजना, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष शिवपूजन तिवारी ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। यही हाल राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ शिव मंदिर का रहा। मंदिर के पुजारी रमानंद के अनुसार यहां पूरे दिन में 15 से 20 हजार श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
इसके अलावा अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर शिव मंदिर, जाफरा बाजार स्थित शिवाला, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित शिव मंदिर, मोहद्दीपुर गोपाल मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भीड़ रही।