शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) के चारों तालाबों (बाड़े) में मगरमच्छ और घड़ियाल दिखाई देंगे। इसके लिए वन विभाग की सहयोगी संस्था टर्टल सर्वाइकल एलाएंस (टीएसए) की तीन सदस्यीय टीम ने यहां के 20 जू कीपरों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने जू कीपरों को मगरमच्छ और घड़ियाल को पकड़ने, उनसे बचाव करने, रेस्क्यू करने के साथ ही एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट करने का प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान प्राणि उद्यान में तीन तालाबों (बाड़े) में रहने वाले मगरमच्छ और घड़ियाल को चौथे खाली तालाब में टीम की निगरानी में शिफ्ट किया गया।
लखनऊ से अरुणिमा के नेतृत्व में टीम गोरखपुर चिड़ियाघर में प्रशिक्षण के लिए आई। यहां के सभी 20 जू कीपरों को टीम ने मगरमच्छ और घड़ियाल के बारे में जानकारी दी।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह और निदेशक राजामोहन के निर्देशन में टीम ने प्रशिक्षण दिया। डॉ. योगेश ने बताया कि टीएसए वन विभाग की सहयोगी संस्था है। अक्सर इलाकों से मगरमच्छ या घड़ियाल के सामने आने की सूचना आती है। ऐसे में उनसे खुद का बचाव करते हुए सुरक्षित पकड़ने के लिए प्रशिक्षण लाभदायक होगा।