अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। जीएन नेशनल पब्लिक स्कूल की शिक्षिका शादाब खानम का सोमवार को सीओ गोरखनाथ ने बयान दर्ज किया। शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि शिक्षिका ने गलती से पोस्ट किया था। शिक्षिक ने भी पुलिस के सामने गलती मानी है और लिखित माफी भी मांग ली है। उधर, इससे पहले स्कूल प्रशासन की जांच अभी जारी है। स्कूल प्रशासन ने शिक्षिका से एक सप्ताह में जवाब मांगा है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बनाए गए ग्रुप में कक्षा चार ए के बच्चों को पाकिस्तान से संबंधित पोस्ट डाले गए थे। उदाहरण में पाकिस्तान का गुणगान आने के बाद अभिभावकों ने आपत्ति करते हुए शिकायत की थी। इस प्रकरण में स्कूल प्रबंधक ने कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच की बात कही थी। रविवार को पुलिस ने शिक्षिका से सम्पर्क किया तो वह अवसाद में होने के चलते एक दिन का वक्त मांग ली। सोमवार की शाम को वह अपने पति के साथ सीओ गोरखनाथ के आफिस में पहुंची। सीओ ने उनसे पूछताछ की और उनका बैकग्राउंड चेक किया। मोबाइल चेक करने के साथ ही अन्य जानकारियां जुटाई। सीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि जांच के क्रम में शिक्षका का बयान दर्ज लिया गया है। प्रथमदृष्टया लापरवाही व मानवीय भूल ही सामने आया है। शिक्षिका का बैकग्राउंड और मोबाइल की भी चेक कराया गया है। कहीं से कोई आपत्तिजनक बात सामने नहीं आई है। शिक्षिका ने लिखित में माफी भी मांग ली है। शिक्षिका का शैक्षिक बैकग्राउंड भी अच्छा है। मामले में लापरवही सामने आई है। शिक्षका को सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने लिखित मांग ली है।