उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बेटियों से बात कर रही महिला को चुगुली की चर्चा के शक में बेटे-बहू ने फावड़े से प्रहार कर मार डाला।
मंगलवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया। घटना धनघटा थाना क्षेत्र के चपरा पूर्वी गांव का है।
चपरा पूर्वी गांव निवासी अच्छेलाल निषाद का आरोप है कि उसकी 55 वर्षीय पत्नी रामदासी सोमवार की शाम बेटी मनीता व सरोज से बात कर रही थी। उसी समय बहू संगीता वहां पहुंच गई और अपनी चर्चा होने की शक में रामदासी और उनकी बेटियों को अपशब्द कहने लगी।
जिसका विरोध सास रामदासी ने की तो वह अपने पति सचिन को भी बुला लाई। पति-पत्नी मिलकर रामदासी की जमकर पिटाई कर दिए। अच्छेलाल का आरोप है कि लाठी और फावड़ा से प्रहार करने के कारण रामदासी को काफी चोटें आई।
पिटाई से घायल पत्नी की मंगलवार सुबह हालत बिगड़ने लगी तो उसे सीएचसी मलौली पहुंचाया गया, जहां घायल रामदासी को देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ आरके गौतम ने बताया कि इस मामले में सचिन और उसकी पत्नी संगीता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।