गोरखपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां गुलरिहा इलाके में प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजना का पदाधिकारी बताकर सुरक्षा मांगने का मामला सामने आया है। भटहट पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा को सुरक्षा ड्यूटी का पत्र मिलने पर मामला खुला।
आरोप है कि संजीव कुमार जायसवाल ने खुद को गोरखपुर मंडल का प्रचार-प्रसार अभियान के आईटी विभाग का सह संयोजक बताया और अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। अब पुलिस ने संजीव व उनके सहयोगी को थाने में तलब किया है। साथ ही लेटरपैड की सत्यता व पदाधिकारी होने के दावे की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के धर्मेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र लगा लेटर पैड गत 11 दिसंबर को एसएसपी को भेजा था। खुद को कार्यालय प्रभारी बताने वाले धर्मेंद्र कुमार ने एसएसपी को लिखे पत्र में सह संयोजक संजीव कुमार जायसवाल के अलग-अलग कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
एसएसपी कार्यालय से एक दरोगा व सिपाहियों की ड्यूटी लगाने का आदेश भी जारी हो गया। मामला तब खुला, जब भटहट पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा को सुरक्षा ड्यूटी का पत्र मिला। पुलिस के मुताबिक, नियमानुसार, सुरक्षा की मांग नहीं की जा सकती थी।
इसके बावजूद प्रधानमंत्री का फोटोयुक्त लैटर पैड भेजा गया। छानबीन से पता चला कि संजीव ने इसी तरह की सुरक्षा महराजगंज में भी ली थी। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। गुलरिहा के थाना प्रभारी रवि राय का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है, फिर आगे की कार्रवाई होगी।