नुसरत उल्लाह वारसी की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
राजघाट इलाके के बनकटी चक में स्थित आवास में घुसकर पुराने रईस नुसरत उल्लाह वारसी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को उठाया है। पकड़ा गया एक युवक नामजद आरोपित अनिल सोनकर का रिश्तेदार है। वहीं दूसरा गोपलापुर का रहने वाला अनिल चौहान है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि अहम सुराग हाथ लगे है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
शनिवार को नामजद आरोपित कोतवाली निवासी अनिल सोनकर के उठाए जाने की खबर आई थी। कुछ पुलिस वालों ने इसकी पुष्टि भी की थी। लेकिन रविवार को पुलिस ने अनिल सोनकर के उठाए जाने से इंकार किया। उसका कहना है कि तलाश चल रही है। अनिल पर दो करोड़ रुपये हड़पने का कैंट में नुसरत ने केस कराया था। मामले में दूसरा नामजद आरोपित गोरखनाथ निवासी इमामुद्दीन घटना के बाद से ही पुलिस हिरासत में है। वहीं रविवार को पुलिस ने अनिल के एक रिश्तेदार और गोपलापुर निवासी अनिल चौहान को उठा लिया।
अनिल चौहान से गोपलापुर स्थित एक जमीन को लेकर नुसरत का विवाद चल रहा था। कुछ और लोगों को भी थाने लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, एक हफ्ते की जांच में पुलिस के हाथ जो साक्ष्य लगे हैं, उससे वारदात को शूटर से अंजाम देने की आशंका जताई गई है। 22 फरवरी की रात नुसरत उल्लाह वारसी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नुसरत पड़ोसी के घर से कैरम खेल कर लौट रहे थे। रात ग्यारह बजे के करीब एक शख्स उनके कंधे पर हाथ रखकर अंदर गया था और फिर आंगन में नुसरत उल्लाह का शव मिला था।