एकबार फिर पशु तस्कर पुलिस पर भारी पड़ गए। खजनी इलाके में पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए तगड़ी घेराबंदी की। तस्करों के पिकअप का पीछा किया। इस दौरान पिकअप पलट गई और उसपर सवार पशु तस्कर पुलिसवालों को धक्का फरार हो गए। पिकअप पर लदे पशुओं में से तीन की मौत हो गई। दो जख्मी हो गए।
जिले में एक सप्ताह के भीतर इस तरह की यह तीसरी वारदात है जिसमें पुलिस तस्करों को दबोच नहीं सकी है। पुलिस अज्ञात तीन तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, खजनी इंस्पेक्टर प्रदीप शुक्ला को मुखबिर के जरिए तस्करों की सूचना मिली थी। पुलिस ने नंदापार के पास चेकिंग शुरू कर दी।
बृहस्पतिवार भोर में चार बजे के करीब एक पिकअप आती दिखाई दी। रोकने का इशारा करते ही पिकअप सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा शुरू किया तो भगवानपुर मोड़ के पास पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।
पुलिसकर्मियों ने तस्करों को पकड़ने की कोशिश की, मगर उन्हें धक्का देते हुए सभी फरार हो गए। पिकअप पलटने से तीन पशुओं की मौत हो गई, उनके शव का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सक डॉ आरके यादव द्वारा कराया गया, जबकि घायल पशुओं का इलाज पशु अस्पताल में कराया जा रहा है।
इसके पहले बेलीपार और बड़हलगंज में भी पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार हो चुके हैं। वहीं शाहपुर इलाके में पुलिस जीप में टक्कर मारकर तस्कर भागे थे। इसे देखते हुए एसएसपी ने तस्करों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश जारी कर दिया है।