उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सरस्वती पूजन के दौरान सदर कोतवाली के एक गांव में मनबढ़ युवकों ने भोजपुरी गीत गीत पर तमंचे से कई राउंड फायरिंग की। डीजे पर डांस कर रहे युवकों ने दूसरे दिन मूर्ति विसर्जन के दौरान मुख्य सड़क पर तमंचा लहराया। इन की करतूत का किसी ने वीडियो बनाकर शनिवार को वायरल कर दिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया में दावा किया जा रहा है कि शहर के पास के एक गांव का यह वीडियो है।
सरस्वती पूजन के दौरान सदर कोतवाली के एक गांव में मनबढ़ों ने तमंचे का खुला प्रदर्शन कर साबित कर दिया है कि अब भी कुछ मनबढ़ों के मन में खाकी का खौफ नहीं है। पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने का दावा भले करती है लेकिन, गांव में छिपे मनबढ़ अभी पुलिस की नजर में नहीं आ पा रहे हैं। जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें भोजपुरी गीत पर डीजे की धुन पर तमंचे से एक के बाद एक फायरिंग की जा रही है। इतना ही नहीं मूर्ति विसर्जन के दौरान सोनूघाट-महुआनी मार्ग पर एक बाइक पर सवार तीन युवक तमंचा लहराते हुए चल रहे हैं। जब वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस भी सकते में आ गई।
फायर करने वालों की तलाश में पुलिस
शनिवार को वायरल वीडियो में तमंचा लेकर डांस करने वालों की तलाश में कोतवाली पुलिस जुट गई है। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस क्षेत्र के एक गांव में पहुंची। सोनूघाट के पास स्थित गांव में कोतवाल राजू सिंह ने वीडियो दिखाकर घटना की पुष्टि कराने का प्रयास किया। गांव वालों ने सरस्वती पूजन की बात तो स्वीकार की, लेकिन युवकों की पहचान करने से इंकार कर दिया। इसके कारण पुलिस खाली हाथ लौट गई।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए तमंचा से फायर करने और लहराने के वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। मनबढ़ों की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि घटना किस जगह की है।