गुलरिहा इलाके के एक गांव की किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि बकरी चरा रही किशोरी के साथ गांव के ही किशोर ने दुष्कर्म किया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर लिया।
दर्ज मुकदमे में किशोरी की मां ने बताया कि उनकी बेटी 9वीं की छात्रा है। वह शनिवार को अपने भाई के साथ बकरी चरा रहा थी। कुछ देर बाद उसका छोटा भाई भोजन करने घर चला गया। किशोरी अकेली थी। आरोप है कि तभी गांव का ही एक किशोर आया और किशोरी की साइकिल लेकर चला गया। किशोरी साइकिल लेने पीछे-पीछे गई।
सूनसान स्थान पर किशोर ने किशोरी का मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। कॉफी देर बाद भी किशोरी के न लौटने पर उसकी मां तलाश करते हुए उधर पहुंच गई और किशोर को पकड़ लिया। इसके बाद किशोरी की मां और भाई ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित किशोर को हिरासत में लिया और थाने लाई। रविवार सुबह पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपित किशोर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। किशोर भी पास के एक विद्यालय में 9वीं का छात्र है।