उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच पड़ताल में जुट गई।
मिली जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र क सल्टौआ निवासी राकेश उर्फ प्रदीप (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सोनहा थाने का हिस्ट्रीशीटर था, उसके विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को देर रात गांव के पास सड़क पर राकेश लहूलुहान हालत में परिजनों को मिला था।
इस दौरान उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। उसे गोरखपुर ले जाने के लिए घर ले गए जहां बुधवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे घर पर ही राकेश की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम के साथ जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से पुलिस ने खून से सना ईंट बरामद किया है।
मृतक की मां राजपति का आरोप है कि शनिवार को शाम करीब सात बजे राकेश घर से साइकिल लेकर निकला था। इस दौरान कुछ लोगों ने उसे मारा पीटा और घर से तीन सौ मीटर दूर सड़क पर लहूलुहान छोड़कर भाग गए। उसकी साइकिल भी गायब थी। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।