भटहट/गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के रसूलपुर झुंगिया में रविवार की रात 2.40 बजे घर में सो रहीं सुमित्रा देवी (80) को नशीला पदार्थ सुंघाकर बदमाशों ने अगवा कर लिया। घर से लगभग तीन किमी दूर सिवान में ले जाकर पहने हुए गहने लूट लिए और बुजुर्ग को वहीं छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर बुजुर्ग सड़क पर भटकती मिलीं। उधर, परिजन भी बुजुर्ग की तलाश कर रहे थे। तभी रामपुर कौलहां चौराहे के पास गांव के एक व्यक्ति ने महिला को भटकते देखा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल बदमाशों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर झुंगियां निवासी गुलाब साहनी की मां सुमित्रा देवी व उनके पति विंध्याचल, गांव के किनारे नहर के पास बने नए मकान पर सोए थे। सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के मुताबिक, रात लगभग 2.40 बजे घर में घुसा एक बदमाश बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर घसीटते हुए बाहर लाते दिखा। नहर पर खड़े अन्य बदमाशों की मदद से बाइक पर बैठाकर लगभग तीन किलोमीटर दूर फुलवरियां गांव के सिवान में पहुंचा। वहां महिला के हाथ, पैर में पहने चांदी के कड़े व कान में पहने सोने के गहने को बदमाशों ने उतार लिए और वहीं अचेत अवस्था में छोड़ दिया।
सुबह बुजुर्ग महिला को बिस्तर पर नहीं पाकर परिजन इधर-उधर खोजने लगे। लगभग पांच बजे गांव के ही महेंद्र सिंह अपनी ऑटो लेकर रामपुर कौलहां चौराहे पर जा रहे थे, तभी बुजुर्ग महिला को भटकते देखा। उन्होंने बुजुर्ग को ऑटो से घर पहुंचाया। परिजनों की सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने बुजुर्ग महिला से पूछताछ के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने शुरू किए तो एक जगह घटना कैद मिली।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि बुजुर्ग महिला मिल गई हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है।