कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज इलाके के सतोरा गांव में शुक्रवार की रात लगभग 11:30 बजे ताजिया का जुलूस निकाले जाने के दौरान दो समुदायों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर शनिवार को सिकरीगंज पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार को सीओ खजनी अंजनी कुमार पांडेय व थानाध्यक्ष मनीष कुमार की मौजूदगी में ताजिया को सिकरीगंज स्थित कर्बला तक पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, सतोरा निवासी आशिक अली ने तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार की रात गांव से ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस गांव स्थित काली मंदिर से थोडी दूर पहुंचा था। इसी दौरान गांव के जयनाथ शर्मा (53), समरनाथ शर्मा (22), देवनाथ शर्मा (25), सोमनाथ शर्मा (18), पिंटू दुबे (32) चार पहिया वाहन से आए और लाठी-डंडा से लैस होकर झड़प करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर मेरी पत्नी साजिदा खातून, बगल की जैनब व तैबुन पहुंचीं तो उनसे भी मारपीट की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के देवनाथ शर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता जयनाथ शर्मा हरदत्तपुर स्थित मकान में सोए थे। उन्होंने किसी कार्य के लिए फोन करके बुलाया। जिसपर हम लोग सतोरा से चार पहिया वाहन से हरदत्तपुर जा रहे थे। काली मंदिर से आगे पहुंचे तो रास्ते पर आशिक अली अपने सभी सहयोगियों के साथ ताजिया लेकर आ रहे थे। गाड़ी जैसे ही ताजिये के पास पहुंची मोनू , निजामुद्दीन, अल्ताफ, कयूम, मोहन, आमीन ने वाहन पर पत्थर मारने लगे। मना करने पर मारने-पीटने लगे। इसी बीच मेरे माता-पिता भी पहुंच गए तो इन लोगों ने उन्हें भी मारा-पीटा।
दो समुदायों के बीच मारपीट की सूचना पर सीओ खजनी अंजनी कुमार पांडेय मय फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किए। इस संबंध में थानाध्यक्ष सिकरीगंज मनीष कुमार यादव का कहना है कि ताजिया को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ है। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर विवाद है, उसी रंजिश में मारपीट हुई है।