धनघटासंतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के कुशहवा बाजार में शनिवार देर शाम बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मियों की कनपटी पर असलहा सटाकर 3.53 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश बस्ती की ओर भाग गए। सूचना पर प्रभारी एसपी, सीओ, एसओ मौके पर पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
महुली क्षेत्र में नाथनगर-महुली-बस्ती मार्ग पर कुशहवा बाजार में सेनानी फिलिंग स्टेशन है। शनिवार की रात पौने नौ बजे बाइक सवार चार बदमाश पहुंचे। एक ने बाहर मोबाइल पर बात कर रहे पंप कर्मी की कनपटी पर असलह सटा दिया। वहीं, तीन अन्य पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गए। कैश गिन रहे मैनेजर को असलहा सटाकर बदमाशों ने काउंटर में रखे 3.53 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश बस्ती की ओर भाग निकले। घटना से पेट्रोल पंप कर्मी सहम गए। बाद में पेट्रोल पंप के मैनेजर सर्वेश कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर महुली एसओ भगवान सिंह, एसएसआई अमित कुशवाहा आदि मौके पर पहुंच गए और पीड़ित पंप कर्मियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। बाद में प्रभारी एसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ ब्रजेश सिंह भी पहुंच गए और पंप कर्मियों से पूछताछ की। पंप का कैमरा काम कर रहा था, लेकिन डीवीआर खराब था। प्रभारी एसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पंप के मैनेजर सर्वेश कुमार ने 3.53 लाख रुपये लूट लेने की सूचना पुलिस को दी। लुटेरों की संख्या चार बताई। चारों बदमाश बाइक से थे और उनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। बदमाश वारदात के बाद बस्ती की ओर भाग गए। उन्होंने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।