महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लोहरौली निवासी अश्वनी पटेल से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अश्वनी ने बताया कि ब्लाॅक कोऑर्डिनेटर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये ठग लिए। इसमें कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लोहरौली निवासी अश्वनी पटेल के मुताबिक वह नौकरी के लिए एसएससी का तैयारी कर रहा था, इसी दौरान उसकी मुलाकात गडौरा निवासी दिनेश विश्वकर्मा व शिकारपुर क्षेत्र के दरौली निवासी विजय वर्मा पुत्र गुलाब वर्मा से हुई। विजय वर्मा ने बताया कि सरकार में उसकी अच्छी पकड़ है। वह उसकी नौकरी लगवा देगा। उसने नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उससे ढाई लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह आज-कल करके टालता रहा। समय निकल गया तो उसने अपने रुपये वापस मांगे, तो कुछ दिन बाद देने की बात कही। कुछ दिन बाद सत्तर हजार रुपये दिए। बाकी के पैसे कई बार मांगे, लेकिन नहीं लौटाए।
तमाम कोशिश के बावजूद जब उसने रुपये नहीं दिए तो कोतवाली पहुंचा और आरोपी विजय वर्मा व दिनेश विश्वकर्मा के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
इस बाबत कोतवाल जेपी सिंह यादव ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।