गोरखपुर जिले में रामगढ़ताल इलाके के रुस्तमपुर के पास बुधवार की रात सड़क हादसे में बिजली कर्मी नंदलाल (30) की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उनकी चचेरी बहन की शादी है, इस वजह से शव का अंतिम संस्कार बरात विदा होने के बाद करने का फैसला परिजनों ने लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गीडा थाना क्षेत्र के कोल्हुई निवासी नंदलाल बिजली विभाग में कार्यालय सहायक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात मोहद्दीपुर स्थित कार्यालय से काम खत्म कर शहर में बरात में गए थे। देर रात गीडा गांव जा रहे थे कि रास्ते में रुस्तमपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए।
पुलिस अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। जिस घर में खुशियों की शहनाई बज रही थी, वहां पर मातम छा गया। तीन भाइयों में छोटे नंदलाल की अभी शादी नहीं हुई थी। उधर, परिवार वालों ने तय किया है कि बहन की विदाई के बाद ही अंत्येष्टि की जाएगी।