अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कोरोना महामारी की वजह से लॉक डाउन के बीच बंद चल रही दीवानी कचहरी उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश के बाद बुधवार को वादकारियों के लिए भी खुल गई। जानकारी के मुताबिक, वादकारियों को आवश्यक जांच के बाद अधिवक्ताओं के साथ दीवानी कचहरी परिसर में जाने का अवसर प्राप्त हुआ।परन्तु पूर्व की भांति जमानत दरखास्तों पर ही सुनवाई हुई शेष लंबित वादों में सामान्य तिथि लग गई।इस कारण परिसर में किसी प्रकार की चहल कदमी या हलचल की कोई स्थिति नहीं देखी गई। कचहरी परिसर के चार गेटो में से केवल एक गेट जो थाना कैंट की तरफ स्थित है वहीं खोला गया ।उसी गेट से वादकारियों तथा अधिवक्ताओं को थर्मल स्कैनिंग एवं आवश्यक जांच के बाद परिसर जाने को मिला।इस कारण गेट पर लंबी लाइन लग गई।अधिवक्ताओं की मांग है कि 26 मई को जब कचहरी खुले तो दो गेट खोले जाएं और वादकारियो को एक गेट से तथा अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों को दूसरे गेट से प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाए।जिससे अधिवक्ता सुरक्षित एवं अनावश्यक लंबी लाइन लगाने से बच सके।