गोरखपुर। पार्षदों ने पार्षद वरीयता के विकास कार्य को बरसात से पहले पूरा करने की मांग की है। इसको लेकर नगर आयुक्त को अवगत भी कराया है।
उपसभापति पवन कुमार त्रिपाठी, पूर्व उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा और पार्षद वीर सिंह सोनकर ने बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन से मुलाकात कर महानगर के सभी 80 वार्डों में पार्षद वरीयता से प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने को कहा। पवन त्रिपाठी का कहना था कि मानसून नजदीक है। निविदा सहित अन्य प्रक्रियाओं में समय लगता है। ऐसे में सड़क, नाली, पार्क, नाला और क्रॉस पुलिया जैसे जरूरी विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सभी पार्षदों से प्रस्ताव लेकर निर्माण कार्यों की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए। इस पर नगर आयुक्त ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवाद