- मई-जून तक पूरा हो जाएगा बालापार ओवरब्रिज का काम
- गोरखनाथ व खजांची में भी ओवरब्रिज के काम में आई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। शहरी क्षेत्र के पास बालापार में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम अप्रैल-मई तक पूरा होने वाला है, जबकि गोरखनाथ और खजांची चौराहे के पास बनाए जा रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से हो रहा है। तीनों ओवरब्रिज बनने के बाद शहर के उत्तरी छोर में परिवहन व्यवस्था बेहतर हो जाएगी, जबकि बड़ी आबादी को जाम से नहीं जूझेंंगे और वाहन फर्राटे भरेंगे।
ओवरब्रिज के निर्माण में उड़ती धूल और जाम से आ रही दुश्वारियों के बीच लोगों को तसल्ली है कि उन्हें ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद फर्राटा भरते हुए वाहन चलाने का अवसर मिलने वाला है। बालापार में ओवरब्रिज काम लगभग पूरा हो गया है, जबकि खजांची चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज में गोरखपुर-महराजगंज मार्ग को क्राॅस करने वाले सड़क पर काम होना है, जबकि बिजली के पोल हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। ओवरब्रिज के तीन बड़े प्रोजेक्ट साल के अंत तक पूरे होने की ओर अग्रसर हैं।
मई-जून तक कार्य पूरा होने की संभावना
सेतु निगम के अनुसार बालापार में नवंबर 2021 में ओवरब्रिज बनाने का कार्य शुरू हुआ था, जिसे मार्च 2024 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन अभी रेलवे क्राॅसिंग पर शटरिंग का काम हो रहा है। आरई वॉल का काम होना बाकी है। महुआतर से बालापार की ओर पीलर, बीम और स्लैब का काम हो गया है, जबकि गोरखपुर-सौनौली मार्ग पर भी कार्य हो गया है। 8487.58 लाख रुपये के प्रोजेक्ट से 1280 मीटर ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। रेलवे क्राॅसिंग पर काम पूरा होने पर एक लेन पर आवागमन शुरू हो सकता है।
तेज गति से हो रहा गोरखनाथ ओवरब्रिज का काम
जाम की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर गोरखनाथ ओवरब्रिज के समानांतर एक टू लेन के ओवरब्रिज की स्वीकृति दी गई। 115.76 करोड़ की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। इस ओवरब्रिज में रेलवे का भी कुछ हिस्सा पड़ रहा है। धर्मशाला बाजार से ओवरब्रिज का काम करीब 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। बीच में रेलवे क्राॅसिंग पर काम शेष है। उसके आगे गोरखनाथ मंदिर की ओर पाइलिंग का काम शुरू हो गया है। जून 2024 तक कार्य पूर्ण करा लेने की संभावना है।
बिजली के पोल तार हटेंगे तो आएगी तेजी
खजांची चौराहे पर फरवरी 2023 में ओवरब्रिज बनाने का कार्य शुरू हुआ, जिसमें 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। 9650.28 लाख रुपये के प्रोजेक्ट से 604 मीटर ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसमें खजांची चौराहे से पादरी बाजार की तरफ 90 प्रतिशत का कार्य पूरा हो गया है। पीलर, बीम और स्लैब का कार्य लगभग पूरा हो गया है, जबकि खजांची चौराहे से वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर कार्य शुरू होना है। पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग की ओर पोल, तार हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
-
कोट...
खजांची ओवरब्रिज पर स्पोर्ट्स कॉलेज की तरफ जमीन अधिग्रहण का मामला फंसा है। उसका निस्तारण होते ही कार्य तेज हो जाएगा। वहीं गोरखनाथ और बालापार ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
संतराज, महाप्रबंधक, सेतु निगम