गोरखपुर। सी एंड डीएस धर्मशाला बाजार और ट्रांसपोर्ट नगर में रैन बसेरा का निर्माण करेगी। तीन करोड़ 34 लाख 79 हजार रुपये की लागत से दोनों स्थानों पर रैन बसेरा बनाए जाएंगे। इसका काम जल निगम की कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डीएस) की यूनिट 19 कराएगी।
धर्मशाला बाजार में एक करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 44 बेड का रैन बसेरा बनेगा। पहले से बना रैन बसेरा जर्जर हो गया है। इसकी क्षमता भी पहले कम है। ऐसे में पुराने रैन बसेरा को गिराकर तीन तल में नया निर्माण कराया जाएगा। परिसर में शौचालय भी बनेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर में एक करोड़ 44 लाख 79 हजार रुपये की लागत से 34 बेड का रैन बसेरा बनेगा। यहां अभी 10 बेड का रैन बसेरा है। यह रैन बसेरा पुलिस चौकी के पीछे बने वेंडिंग जोन के बगल में है। नया निर्माण दूसरे स्थान पर होगा। परियोजना प्रबंधक विवेक गुप्ता ने बताया कि अगले साल के शुरू तक इसका निर्माण पूरा कर लेने की उम्मीद है। संवाद