एकला बांध के पास हो रहा निर्माण, 4.50 करोड़ आएगी लागत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिले के पहले हाइब्रिड एनिमल इंसीनरेटर का निर्माण एकला बांध के पास शुरू हो गया है। पीएम प्रोजेक्ट्स एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इंदौर 4.50 करोड़ से बनने वाले इस केंद्र को अगस्त तक तैयार कर लेगा। इस पशु शवदाह गृह के बन जाने से पशुओं के शव को जमीन में दफनाया नहीं जाएगा बल्कि बिजली एवं गैस आधारित (पीएनजी/एलपीजी) इंसीनरेटर में दाह होगा।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं चयनित फर्म को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसका निर्माण राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के बजट से किया जा रहा है। निगम ने इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण के आधार पर पांच साल के लिए फर्म का चयन किया है।
इसकी दाह क्षमता हर घंटे 1000 किलोग्राम होगी। क्रिमेटोरियम का आधा प्लांट बिजली से चलेगा। पशुओं का शव जलाने वाला कंबक्शन गैस चालित होगा जिसमें पीएनजी या एलपीजी का उपयोग होगा।
चयनित फर्म 2000 वर्ग मीटर में नौ माह में इंसीनरेटर का निर्माण कर पांच साल संचालन एवं रख-रखाव भी करेगी। क्रिमेटोरियम प्लांट से निकलने वाले वेस्ट वॉटर के ट्रीटमेंट के लिए ईटीपी भी लगाया जाएगा। वेस्ट वॉटर को ट्रीट करने के बाद प्लांट के गार्डेन में इस्तेमाल किया जाएगा।