नालों से अतिक्रमण हटेगा तभी जलभराव दूर होगा, आमजन सहयोग करें
चिड़ियाघर में पौधरोपण कार्यक्रम के बाद बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहरी क्षेत्र में नालों पर अतिक्रमण नहीं रहेगा तो जलभराव से मुक्ति मिलेगी। इसलिए, कभी भी गलत को प्रश्रय नहीं देना है। गोड़धोइया नाला परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जलनिकासी की समस्या का समाधान होगा। नालों से अतिक्रमण हटेगा तभी शहरों में जलभराव को दूर किया जा सकेगा।
सीएम योगी शनिवार को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) में पारिजात का पौध लगाने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि जलभराव जैसी बड़ी समस्या से निजात पाने के लिए नालों से अतिक्रमण को हटाना अत्यंत जरूरी है। अतिक्रमण के चलते नालों की सफाई नहीं हो पाती है। आमजन इस कार्य में सहयोग करें।
जनता की सहभागिता से रिकॉर्ड पौधरोपण
सीएम योगी ने कहा कि प्रकृति की चेतावनी का संज्ञान लेकर आज पूरे प्रदेश में जनता की सहभागिता से रिकॉर्ड पौधरोपण किया गया है। राज्य में एक व्यक्ति की तरफ से मां के नाम तीन-तीन पौधे लगाए गए हैं। हर तरफ एक ही आह्वान नजर आया, पेड़ लगाना है, पेड़ बचाना है और पर्यावरण को बचाना है। सीएम ने कहा कि विगत सात वर्ष में प्रदेश में 168 करोड़ पौधरोपण कर कीर्तिमान रचा गया है। इनमें से 75-80 प्रतिशत पेड़ सुरक्षित भी हैं। कहीं नक्षत्र वाटिका बनाई गई है तो कहीं नवग्रह वाटिका और हरिशंकरी वाटिका। प्रदेश में पौधों की कमी नहीं है। वन व उद्यान विभाग तथा निजी नर्सरियों के पास 50 करोड़ पौधे थे। इनमें से 36.50 करोड़ का इस्तेमाल आज के अभियान में हुआ है और शेष पौधों का भी क्रमिक रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब वैश्विक संस्थाएं भी उत्तर प्रदेश में पौधरोपण को मान्यता दे रही हैं।
चिड़ियाघर में होगा वन्यजीवों के अनुकूल पर्यावरण
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर के चिड़ियाघर को काकोरी कांड के नायकों में शामिल शहीद अशफाक उल्ला खान के नाम पर नामकृत किया गया है। यह चिड़ियाघर मनोरंजन और ज्ञानवर्धन का माध्यम है। यहां पौधरोपण कर चिड़ियाघर के पर्यावरण को वन्यजीवों के अनुकूल किया जा रहा है।
जीव, जीवन और पर्यावरण की रक्षा के लिए सीएम सदैव प्रयत्नशील : रवि किशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी हमेशा जीव, जीवन और पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रयत्नशील रहते हैं। पर्यावरण और धरा को सुरक्षित करने के लिए उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हर वर्ष पौधरोपण का नया कीर्तिमान बना रहा है। स्वागत संबोधन मुख्य वन संरक्षक भीमसेन ने किया।
इस अवसर पर विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।