नौसड़ फ्लाईओवर निर्माण की वजह से रास्ते में लग रहा जाम
रुस्तमपुर और टीपीनगर में सबसे ज्यादा समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जनता को जाम से निजात दिलाने के लिए देवरिया बाईपास से नौसड़ तक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लापरवाही की वजह से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर निर्माण सामग्री रखने से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। ऊपर से धूल-मिट्टी लोगों को अलग से परेशान कर रही है।
शनिवार दोपहर 2:20 बजे रुस्तमपुर बिजली दफ्तर के पास बाइक सवार दो युवक सड़क पार कर रहे थे। हालांकि, वहां पर रास्ता नहीं था। जुगाड़ के रास्ते से ही वे अपने वाहन को निकाल रहे थे। आधी सड़क पार करने के बाद दूसरे युवक को उतरकर धक्का मारना पड़ा तब जाकर बाइक वहां से निकल पाई। पूछने पर युवक ने बताया कि निर्माण कार्य की वजह से डिवाइडर बंद है। निकलने के लिए कट बहुत दूर है। मजबूरी में यहां से पार करना पड़ रहा है। जहां थोड़ी जगह है वहां पर सरिया और टिन रखा है।
2:30 बजे रुस्तमपुर चौराहे पर वाहन चालक जाम में परेशान दिखे। बीच सड़क में निर्माण सामग्री रखने से रास्ता संकरा हो गया था। काफी देर तक गाड़ियां रेंगती रहीं। सड़क के दूसरी तरफ नाला निर्माण हो रहा है। नाले की मिट्टी सड़क तक रखी हुई है। इसकी वजह से वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हो रही थी।
2:40 बजे छात्रसंघ से पैड़लेगंज रोड पर गाड़ियां रेंगती दिखीं। एक तरफ नाला निर्माण हो रहा है, इसी में बस भी निकल रही थी। इस वजह से छोटे वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हो रही थी।
बीच में रख दिया सरिया
पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन का निर्माण तेजी से हो रहा है, लेकिन इसके साथ ही वहां पर राहगीरों के लिए कई तरह का खतरा है। देवरिया बाईपास के आगे सड़क पर ही मोटे सरिए रखे हुए हैं। ध्यान न देने पर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर सकते हैं। स्थानीय निवासी अभिषेक की मानें तो अक्सर बाइक वाले सरिए से टकरा जाते हैं जिससे उन्हें चोट लगती है।
धूल से हो रही परेशानी
देवरिया बाईपास से लेकर टीपीनगर तक निर्माण कार्य की वजह से धूल भरी रहती है। चारपहिया वाहनों को तो नहीं लेकिन दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने बताया कि टैंकर से कभी-कभी पानी का छिड़काव होता है, लेकिन वह भी थोड़ी देर में सूख जाता है। दिनभर धूल उड़ती रहती है।
बोले राहगीर
नौसड़ फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी वजह से रुस्तमपुर ढाले पर हमेशा जाम लगता है। बीच सड़क में सरिया रखा है, बीच से निकलने के रास्ते कम हैं। नाले के लिए गड्ढा खोदने के बाद मिट्टी सड़क पर रख दी गई है जिससे काफी परेशानी हो रही है।
- दिग्विजय चौरसिया
फ्लाईओवर निर्माण में काफी लापरवाही हो रही है। विकास कार्य से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन बीच में सरिया रखा है। इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सही ढंग से सामान न रखने की वजह से जाम लग रहा है।
- धर्मवीर