प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, गोरखपुर-लखनऊ वाया अयोध्या वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से हुई रवाना
पीएम ने जोधपुर-अहमदाबाद वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वंदे भारत के सी-वन कोच में स्कूली बच्चों से किया संवाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना का भी पीएम ने किया शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्वाेत्तर रेलवे की पहली (02549) वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर-लखनऊ वाया अयोध्या को जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन के 498 करोड़ से होने वाले पुनर्विकास योजना का शिलान्यास भी किया। जंक्शन पर आयोजित समारोह से ही प्रधानमंत्री ने जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का भी शुभारंभ किया। गोरखपुर से वाया अयोध्या-लखनऊ तक वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के साथ प्रदेश की राजधानी से भी जुड़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शामिल होने के बाद गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर अपराह्न 4:35 बजे पहुंचे। पहुंचते ही वह सीधे वंदे भारत ट्रेन के सी-वन कोच में दाखिल हो गए। करीब पांच से छह मिनट तक उन्होंने कोच में बैठे स्कूली विद्यार्थियों से संवाद किया और पूर्वाेत्तर रेलवे के जीएम चंद्र वीर रमण से ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने लोको पायलट के केबिन में जाकर क्रू मेंबर से वार्ता कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इंजन का जायजा लेने के बाद पीएम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रखे गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के मॉडल को देखा। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर इस परियोजना का शिलान्यास किया। जंक्शन पर बने पोडियम पर पहुंचकर पीएम मोदी ने जोधपुर-अहमदाबाद वंदे भारत का वर्चुअल शुभारंभ किया। जैसे ही वंदे भारत ट्रेन ने हॉर्न दिया, कुछ दूर बैठे भाजपा कार्यकर्ता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जैसे ही ट्रेन एक नंबर प्लेटफाॅर्म से रवाना हुई, चारों तरफ तालियां और मोदी-योगी के नारे गूंजने लगे।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, चेयरमैन रेलवे बोर्ड अनिल लोहाटी, पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम चंद्रवीर रमण आदि मौजूद रहे।
-
पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा वंदे भारत से
वंदे भारत ट्रेन से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास की गति को बढ़ाने में भी सहायक होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस, गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली सबसे तीव्र गति की ट्रेन होगी। आधुनिक सुविधाओं के चलते वंदे भारत की यात्रा से हवाई जहाज की यात्रा जैसा एहसास होगा। पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन में खानपान, आरामदायक और 360 डिग्री पर घूमने वाली सीट, टच फ्री शौचालय सुविधा, सेंसरयुक्त दरवाजे, वाईफाई के अलावा दिव्यांगजन के अनुकूल शौचालय और ब्रेल लिपि में सीट नंबर अंकन की भी व्यवस्था है।
नए जंक्शन पर दिखेगी गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस की झलक
गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना, स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करेगी। आधुनिकता के साथ स्टेशन, स्थानीय विरासत प्रतीकों का भी प्रतिनिधि होगा। नए स्टेशन भवन में गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस की झलक भी दिखेगी। इसमें मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स का प्रावधान किया गया है। पुनर्विकास परियोजना में स्टेशन पर अत्याधुनिक सुविधाओं वाले रूफ प्लाजा, फूड आउटलेट, प्रतीक्षालय, एटीएम और बच्चों के लिए प्लेइंग एरिया का भी इंतजाम होगा। आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग के कांसेप्ट में इसका निर्माण होगा और इसमें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की भी व्यवस्था की जाएगी।
किराया चार्ज
कहां से कहा चेयर कार एक्सक्यूटिव क्लास
गोरखपुर से बस्ती 393 रुपये 780 रुपये
गोरखपुर अयोध्या 508 रुपये 1027 रुपये
गोरखपुर से लखनऊ 727 रुपये 1476 रुपये
-
वापसी में किराया
कहां से कहा चेयर कार एक्सक्यूटिव क्लास
लखनऊ से अयोध्या 457 रुपये 924 रुपये
लखनऊ से बस्ती 626 रुपये 1269 रुपये
लखनऊ से गोरखपुर 727 रुपये 1476 रुपये
कैटरिंग चार्ज
आयटम चेयर कार एक्सक्यूटिव क्लास
टी-कॉफी 15 रुपये 15 रुपये
ब्रेकफॉस्ट चाय के साथ 122 रुपये 155 रुपये
लंच/डिनर 222 रुपये 244 रुपये
स्नैक्स चाय के साथ 66 रुपये 105 रुपये
उद्घाटन के दिन इन स्टेशनों पर रूकते हुए गई वंदे भारत
गोरखपुर, सहजनवां, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्या, बाराबंकी और लखनऊ।
नौ जुलाई से नियमित होगा ट्रेन का संचालन
गोरखपुर से लखनऊ टाइमिंग (अप 02549)
रविवार से शुक्रवार (शनिवार को नहीं चलेगी)
सुबह 06.05 बजे गोरखपुर से यह ट्रेन छूटेगी
सुबह 06.58 बजे यह ट्रेन बस्ती पहुंचेगी
सुबह 07.00 बजे बस्ती से ट्रेन रवाना होगी
सुबह 08.15 बजे यह ट्रेन अयोध्या पहुंचेगी
सुबह 08.17 बजे यह ट्रेन अयोध्या से छूटेगी
दिन में 10.15 बजे यह ट्रेन लखनऊ पहुंचेगी
लखनऊ से गोरखपुर टाइमिंग (डाउन 22550)
शनिवार छोड़कर हर दिन चलेगी वंदे भारत
शाम 07.15 बजे लखनऊ से छूटेगी
रात 9.13 बजे यह ट्रेन अयोध्या पहुंचेगी
रात 9.15 बजे यह ट्रेन अयोध्या से छूटेगी
रात 10.30 बजे यह ट्रेन बस्ती पहुंचेगी
रात 10.32 बजे यह ट्रेन बस्ती से छूटेगी
रात 11.25 बजे यह ट्रेन गोरखपुर पहुंचेगी
कोच की स्थिति
कुल आठ कोच
1-सात कोच एसी चेयर क्लास
2-एक कोच एक्सक्यूटिव क्लास
-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का टाइमलाइन
4:35 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जंक्शन पर आगमन।
4:36 बजे पर वंदे भारत के सी-वन कोच में घुस गए
4:42 बजे लोको पायलट के केबिन से उतर गए
4:43 बजे जंक्शन के माॅडल का अवलोकन किया
4:44 बजे पोडियम पर गए
4:45 बजे पोडिएम से खड़े होकर पहले जोधपुर-अहमदाबाद को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
4:47 बजे गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
4:49 बजे पोडियम से ही अभिवादन करते हुए निकल गए।