पश्चिमी विक्षोभ के चलते पछुआ हवाओं के चलने से मौसम में तेजी से बदलाव आया है। पिछले चौबीस घंटे में रात के तापमान में बुधवार को पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से ठंड और बढ़ने का अनुमान जताते हुए शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट दर्ज किया जाएगा। बुधवार को दिन में तेज धूप थी लेकिन शाम होते ही गलन सताने लगी।
मौसम विभाग ने बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह चौबीस घंटे में आंशिक वृद्धि है। वहीं न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
चौबीस घंटे में 5.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से रात में ठंड अब सताने लगी है। न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दिसंबर में तीन साल में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। इससे पहले वर्ष 2020 में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम वैज्ञानिक अश्विनी कुमार ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में बना हुआ है। इसके चलते मौसम में बदलाव आया है। बृहस्पतिवार से शीत लहर की संभावना है। ठंडी हवाएं चलने से दिन और रात का तापमान कम होने से ठंड बढ़ेगी।