सुबह गोरखनाथ मंदिर के गोशाला में की गो सेवा
पश्चिमी यूपी में चुनावी सभा करने गए फिर शाम को लौटे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ वासंतिक नवरात्र की नवमी तिथि (रामनवमी) पर बुधवार को गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप मां सिद्धिदात्री की आराधना कर कन्या पूजन करेंगे।
सीएम योगी ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। इसके बाद सीएम मंदिर की योगी गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। उन्होंने गोसेवा की और गोशाला का भ्रमण कर गोवंश का हाल जाना। उन्हें अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी ली और गर्मी के मौसम में विशेष देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए।
सीएम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार के बाद मंगलवार शाम गोरखपुर पहुंचे। बुधवार पूर्वाह्न वासंतिक नवरात्र की नवमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर की शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की आराधना के साथ हवन होगा। कन्या पूजन का अनुष्ठान सुबह 11 बजे से होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवी स्वरूपा कन्याओं का पांव पखारकर उनका पूजन करेंगे और उन्हें भोजन कराने के साथ दक्षिणा व उपहार प्रदान करेंगे। कन्या पूजन के साथ सीएम बटुक भैरव पूजन भी करेंगे। नवरात्र अनुष्ठान की पूर्णता के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित राम दरबार में दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव मनाएंगे।