गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं
बोले-त्वरित व संतुष्टिपरक हो लोगों की समस्याओं का समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जमीन कब्जाने के मामले में पेशेवर प्रवृत्ति वालों को भू-माफिया के रूप में चिह्नित कर सख्ती की जाए। किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करें जो नजीर बने। जमीन के विवादों का समाधान तत्परतापूर्वक इस तरह होना चाहिए, जिससे पीड़ित व्यक्ति संतुष्ट दिखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सबको आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान हर हाल में किया जाएगा।
जमीन कब्जा करने की शिकायत पर उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि ऐसे लोग, जिनका नाम बार-बार जमीन कब्जा करने में आ रहा है, उनकी पहले सूची तैयार करें फिर कार्रवाई करें।
इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण उनकी सरकार की विशेष प्राथमिकता है, इसलिए पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उनका समाधान त्वरित और संतुष्टिपरक तरीके से कराना सुनिश्चित कराएं।