गीडा में निवेश और विकास परियोजनाओं की सौगात देने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले सेक्टर 27 में मल्टीनेशनल कंपनी कोका कोला के अमृत बॉटलर्स की बॉटलिंग प्लांट की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया। 40 एकड़ क्षेत्रफल में बॉटलिंग प्लांट की इस परियोजना में 700 करोड़ रुपये के निवेश से करीब 1200 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
पहले चरण में यहां 2900 बोतल प्रतिदिन की उत्पादन क्षमता का प्लांट लगाया जाएगा। इस प्लांट में कोका कोला ग्रुप के थम्सअप, फैंटा, स्प्राइट, माजा ब्रांड के पेय पदार्थ और किनले ब्रांड के बॉटल वाटर का उत्पादन किया जाएगा।
2900 बीपीएम की है क्षमता
एसएलएमजी समूह वर्तमान में विनिर्माण, बिक्री, वितरण, सेवाएं, आदि में 79,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रदान करता है और इसके प्रत्यक्ष कार्यबल में 5,000 से अधिक कर्मचारी हैं। 2,900 बोतल प्रति मिनट (बीपीएम) की क्षमता के साथ, गोरखपुर का नया संयंत्र उत्तर प्रदेश में एसएलएमजी के सात चालू संयंत्रों की मौजूदा 21,082 बीपीएम क्षमता में बढ़ोतरी करेगा। इससे कोका-कोला की कुल दैनिक बॉटलिंग क्षमता 3.03 करोड़ से बढ़कर 3.46 करोड़ बोतल हो जाएगी, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था में सुधार होगा।
कंपनी के निदेशक ने कही ये बात
अमृत बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राकेश लधानी ने कहा, 'हम इस विजन को साकार करने में निरंतर सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। एसएलएमजी का अमृत बॉटलर्स यूपी के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए समर्पित है। गोरखपुर का यह प्लांट कोका-कोला की पेय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करेगा, साथ ही गुणवत्तापूर्ण उत्पाद प्रदान करेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को भी बढ़ावा देगा।'
एसएलएमजी बेवरेजेज की यूपी में सात इकाइयां संचालित
गोरखपुर स्थित यह फैसिलिटी, एसएलएमजी बेवरेजेज की 2030 तक उत्तर प्रदेश में उत्पादन विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना के अनुरूप है। लखनऊ स्थित यह कंपनी, प्रमुख स्वतंत्र कोका-कोला बॉटलर के रूप में उत्तर प्रदेश में सात बॉटलिंग इकाइयां संचालित करती है, इनमें छाता, बाराबंकी, लखनऊ, अयोध्या, बरेली, त्रिशुंडी और उन्नाव शामिला है, जहां प्रतिदिन 3 करोड़ से ज्यादा बोतलें बनाती हैं।
सेक्टर 27 में 640 करोड़ रुपये की निवेश वाली तीन यूनिट्स का सीएम ने किया शिलान्यास
गीडा में लोकार्पण और शिलान्यास के समारोह के दौरान सीएम योगी ने सेक्टर 27 में कोका कोला प्लांट के भूमि पूजन के अलावा 640 करोड़ रुपये की निवेश वाली तीन यूनिट्स का शिलान्यास भी किया। इनमें एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, ग्रीनटेक भारत प्राइवेट लिमिटेड (एसएलएमजी ग्रुप) और कपिला कृषि उद्योग शामिल हैं। इन तीनों यूनिट्स के बन जाने पर करीब 1200 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।