जनता दर्शन में आए पीड़ितों के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया आश्वासन
बोले मुख्यमंत्री - इलाज में मदद के लिए पीड़ित परिवार के पास जाएगा डीएम का फोन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित अपनों के इलाज में किसी भी परिजन को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सभी का इलाज बेहतरीन अस्पतालों में कराया जाएगा। किसी के भी इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आएगी। सरकार सभी का खर्च उठाएगी।
मुख्यमंत्री, सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दरबार में इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग को लेकर पहुंचे परिजनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को आर्थिक सहायता के प्रार्थना पत्रों को जल्द शासन में भेजने का निर्देश दिया। परिजनों से कहा कि उनके पास डीएम का फोन जाएगा। जनता दर्शन में सबसे अधिक फरियाद गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद से जुड़ी रही। एक महिला ने लखनऊ के एक अस्पताल में अपने परिजन के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार की। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीज को एसजीपीजीआई या केजीएमयू में भर्ती कराया जाए। उन्होंने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि नहीं है। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त किया कि वह बिना चिंता उपचार कराएं, पैसा सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने इसी तरह की समस्या लेकर पहुंचे अन्य फरियादियों को भी आश्वस्त किया कि इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण होते हैं मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता धनराशि जारी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका त्वरित समाधान कराएं। मुरादाबाद से आए एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आपके घर पहुंचने के साथ ही समस्या के निदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी होगी। परिजनों के साथ आए बच्चों को भी मुख्यमंत्री ने हर बार की तरह खूब दुलारा। उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और चॉकलेट दिए।
0
दिव्यांग सफाईकर्मी की पुत्री का सीएम ने कराया अन्नप्राशन
गोरखपुर। दिव्यांग सफाईकर्मी विवेक और उनकी पत्नी संध्या की मन्नत मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने पूरी कर मानो उन्हें पूरी दुनिया की खुशी दे दी। मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह मंदिर परिसर में विवेक की सात माह की बिटिया का अन्नप्राशन कराया और आशीर्वाद दिया तो विवेक की आंखें खुशी से छलक उठीं। विवेक ने कहा कि बिटिया का अन्नप्राशन मुख्यमंत्री के हाथों होना हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। पैर से दिव्यांग विवेक शर्मा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाईकर्मी हैं। उनकी ड्यूटी छिड़काव कार्य की है। वह मंदिर परिसर में ही बने कर्मचारी आवास में पत्नी संध्या व अन्य परिजनों के साथ रहते हैं।
0
महराज से बोली बच्ची... आपके लिए धूम में खड़ी थी
गोरखपुर। मंदिर की यज्ञशाला में कलश स्थापना व पंचांग पूजन करने के बाद गुरु गोरखनाथ का दर्शन करने मुख्यमंत्री, मुख्य मंदिर की तरफ जा रहे थे कि थोड़ी दूर बढ़ते ही उनकी नजर धूप में खड़ी एक नन्ही बच्ची पर पड़ गई। वह तुरंत बालिका के पास ही रुक गए। मुख्यमंत्री का संकेत पाते ही साथ में मौजूद मंदिर के कार्यकर्ता अमित सिंह मोनू ने धूप से बचाने के लिए बच्ची को गोद में उठा लिया। मुख्यमंत्री ने उसका हालचाल पूछा, दुलारा और अपने हाथों से प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया। सीएम ने जब पूछा कि धूप में क्यों खड़ी हो तो बच्ची ने मासूमियत से कहा, आपको देखने के लिए। इस पर मुख्यमंत्री हंस पड़े, साथ ही प्यार से समझाया कि बच्चों को तेज धूप से बचना चाहिए।