जीडीए 141 विद्यालयों में बनाएगा स्मार्ट क्लास, सीएम करेंगे शुभारंभ
गोरखपुर जिले में 141 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में न्यूनतम दो कक्षों को प्रीमियम स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित करना है। जीडीए सीएसआर फंड से करीब 7.50 करोड़ की लागत से स्मार्ट क्लास का निर्माण कराएगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को कर सकते हैं।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि गोरखपुर जिले के नौ विधानसभा में विद्यालयों का चयन किया गया है। इसमें गोरखपुर सदर में 22 विद्यालय, गोरखपुर ग्रामीण में 12 विद्यालय, बांसगांव 14 विद्यालय, कैंपियरगंज 20 विद्यालय, चौरीचौरा 14 विद्यालय, चिल्लूपार 20 विद्यालय, खजनी 16 विद्यालय, पिपराईच 10 विद्यालय और सहजनवां के 13 विद्यालयों के दो-दो कक्षाओं को स्मार्ट क्लास रूम में परिवर्तित करने का लक्ष्य रखा गया है। एक क्लास रूम को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित करने में करीब 2.30 लाख रुपये खर्च होगा।