गोरखपुर। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान फेज दो और फेज तीन की परियोजनाओं में काम बंद मिलने पर संबंधित ठेकेदार फर्मों को नोटिस जारी किया गया है। निगम की कार्रवाई से निर्माण कार्यों में तेजी लाने का दबाव बढ़ गया है। सीएम ग्रिड फेज तीन के तहत गणेश चौराहा से यूनिवर्सिटी चौराहा और अलंकार ज्वैलर्स से एचपी स्कूल, आरटीओ तिराहा होते हुए हरिओम नगर तिराहे तक सड़क निर्माण की जिम्मेदारी मेसर्स बेबी शाही और योगी कंस्ट्रक्शन कंपनी की संयुक्त फर्म को दी गई है। निरीक्षण में इन परियोजनाओं पर काम बंद मिलने के बाद संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया। इसी तरह कचहरी चौराहे से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक तक सड़क निर्माण का जिम्मा मेसर्स कीर्ति इंटरप्राइजेज को सौंपा गया है। इन कार्यों में भी लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की गई है। ब्यूरो