गुलरिहा थाना क्षेत्र के शिवपुर, सहबाजगंज निवासी शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच में पुलिस ने भागे लिपिक संजीव सिंह के चचेरे भाई और साले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों से संजीव के ठिकाने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी ली जा रही है।
गुलरिहा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें निलंबित बीएसए देवरिया शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह की तलाश में लगातार चार जिलों में दबिश दे रही हैं। सुसाइड नोट में दोनों पर नियुक्ति बहाली के नाम पर 16 लाख रुपये की मांग और लगातार उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भागे संजीव सिंह के ठिकानों के बारे में चचेरे भाई और साले से जानकारी जुटाई जा रही है, जिनसे वह संपर्क में हो सकता है। पुलिस का मानना है कि करीबियों से पूछताछ के बाद ही आरोपितों तक पहुंचा जा सकेगा। इससे पहले पुलिस ने निलंबित बीएसए शालिनी और लिपिक संजीव के परिजनों से भी पूछताछ की थी, लेकिन तब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला था।
मुख्य आरोपी लिपिक संजीव सिंह मूल रूप से बलिया जिले का रहने वाला है और देवरिया के रामनाथ काॅलोनी में भी मकान बनवा लिया है। निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव भी बलिया जिले की निवासी हैं। पुलिस की चार टीमें बलिया के अलावा देवरिया, लखनऊ और प्रयागराज में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। गिरफ्तारी के लिए दबिश चल रही है।