बकरीद पर सोमवार की सुबह 6:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। मस्जिद की तरफ जाने वाले रास्तों पर छह घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। फरेंदा की तरफ से आने वाले वाहन बरगदवां चौराहा से खजांची होते हुए शहर में आएंगे। एसपी यातायात संजय कुमार ने बताया कि डायवर्जन की अवहेलना करने पर कार्रवाई होगी।
इन रास्तों पर प्रतिबंधित रहेगा आवागमन
शाहमारूफ से जामा मस्जिद घंटाघर की तरफ सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
अलहदादपुर से घंटाघर होते हुए रायगंज की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
नार्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर मार्ग पर आवागमन बंद रहेगा।
रेती चौक से घंटाघर की तरफ किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
इलाहीबाग चौराहा से बहरामपुर बंधे की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
टीपी नगर तिराहा से नार्मल टैक्सी स्टैंड से तुर्कमानपुर की तरफ वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
हुमांयूपुर ओवरब्रिज से आर्यनगर की ओर भारी वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
करमचंद चौराहा से बहरामपुर जाने वाले वाहन उक्त अवधि में प्रतिबंधित रहेंगे।
गोरखनाथ ओवरब्रिज व रेलवे क्राॅसिंग से गोरखनाथ की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
फरेंदा से गोरखपुर आने वाले सभी वाहनों को बरगदवां तिराहे से गोरखनाथ मंदिर की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। उन्हें बरगदवां चौकी तिराहे से खाद कारखाना की तरफ तरफ मोड़ दिया जाएगा। उन वाहनों का प्रवेश शहर में खजांची चौराहा, पादरी बाजार चौराहा, मोहद्दीपुर ओवरब्रिज, मोहद्दीपुर होते हुए होगा।
महानगर से फरेंदा की ओर जाने वाले सवारी वाहनों एवं निजी बसों को रेलवे स्टेशन, छात्रसंघ चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा चारफाटक ओवरब्रिज होते हुए जेल बाईपास, पादरी बाजार चौराहा, खजांची होते हुए नकहा के रास्ते बरगदवां भेजा जाएगा।