बच्चे की मौत पर विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
गुलरिहा इलाके के सरहरी में घर के बाहर खेल रहे सात वर्षीय आर्यन की मौत शौचालय के टैंक में डूबने से हो गई। बताया जाता है कि टैंक पर लगा ढक्कन किसी ने हटा दिया था। इस कारण शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, विनोद गुप्ता चाय की दुकान चलाते हैं। शनिवार को उनका बेटा आर्यन अपनी पांच वर्षीय बहन परी के साथ घर के बाहर खेल रहा था। घर के पास ही सार्वजनिक शौचालय का टैंक बना है। किसी शरारती तत्व ने टैंक के ढक्कन को हटाकर खेत में फेंक दिया था। आर्यन खेलने के दौरान खुले टैंक में गिर गया। भाई को टैंक में गिरता देखकर परी दौड़कर घर में गई और मां को जानकारी दी। उसने मां को बताया कि भइया गिर गया है, घरवालों को लगा कि वह खेलने में कहीं गिरा होगा। इस वजह से बच्ची की बातों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। थोड़ी देर बाद आर्यन के न दिखने पर घरवाले तलाश करने लगे। आसपास के लोग भी आर्यन को खोजने लगे।
इस दौरान मां ने बताया कि परी आर्यन के गिरने की बात कह रही थी। इस पर गांव के धीरज ने टैंक में जाकर उसकी तलाश शुरू की। वह टैंक में ही मिला। घरवालों ने आर्यन को लेकर मेडिकल कॉलेज गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।