कैंट पुलिस स्पेनी दंपती को बैग सौंपते हुए
- फोटो : अमर उजाला
भारत घूमने आया स्पेन का दंपती रेलवे स्टेशन पर अपना बैग भूल गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो वे कैंट थाने की रेलवे चौकी पर पहुंचे। पुलिस ने 45 मिनट में ही विदेशी दंपती का बैग खोजकर उन्हें सौंप दिया। पुलिस की इस काम की दोनों ने खूब तारीफ की। विदेशी दंपती ने हिंदी में कहा- शुक्रिया ! ये पल कभी भूल नहीं सकते।
स्पेन के रहने वाले सैंटिगो (65) और उनकी पत्नी अना मारिया (58) भारत भ्रमण पर निकले हैं। कई शहरों से घूमते हुए वे बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। यहां से वे नेपाल के काठमांडू जाने वाले थे। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर पांच के पास ही दंपती का बैग छूट गया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग होने की वजह से उन्हें याद नहीं आ रहा था कि अपना बैग वे कहां भूले हैं। आस-पास के होटलों और राहगीरों की मदद से दंपती ने बैग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इसके बाद वे रेलवे पुलिस चौकी पहुंचे। उप निरीक्षक महेश चौबे, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल संजीत यादव ने 45 मिनट में सीसीटीवी कैमरे की मदद से विदेशी दंपती का बैग खोज निकाला।