गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में 15 अप्रैल से होने वाली स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर परीक्षाओं की समय सारिणी में बदलाव किया गया है। विद्यार्थियों की मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13 पाठ्यक्रमों की तिथियों में संशोधन किया है। संशोधित समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
शुक्रवार को एमएससी रसायन विज्ञान, बीबीए, एमएससी कृषि और अन्य कई विषयों के विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. पूनम टंडन से समय सारिणी में बदलाव की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा के बीच में अंतर कम है जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो सकती है। इसके बाद कुलपति ने इसमें संशोधन के लिए निर्देश दिए।
इसके पहले चार अप्रैल को सम सेमेस्टर की परीक्षा की समय सारिणी जारी की गई थी। नई समय सारिणी में पीजी डिप्लोमा इन ज्योतिष वास्तु और कर्मकांड दूसरा सेमेस्टर, बीएचएमसीटी दूसरा, चौथा और छठा सेमेस्टर, बीएजेएमसी दूसरा और चौथा सेमेस्टर, बीबीए दूसरा, चौथा और छठा सेमेस्टर, एमए इन योग तीसरा सेमेस्टर, बीए चौथा सेमेस्टर, एमएससी हाॅर्टीकल्चर दूसरा और चौथा सेमेस्टर, एमएससी एग्रीकल्चर जुलॉजी एवं एंटोमोलाॅजी दूसरा सेमेस्टर, एमएससी प्लांट पैथोलॉजी दूसरा सेमेस्टर, एमएससी एग्रोनोमी दूसरा सेमेस्टर, एमएससी मृदा विज्ञान द्वितीय सेमेस्टर, बीएससी कृषि चतुर्थ सेमेस्टर, बीएससी द्वितीय और छठा सेमेस्टर और एमएससी रसायन शास्त्र द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वह 12 अप्रैल को जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा देने पहुंचे। संशोधित समय सारणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ddugu.ac.in पर अपलोड कर दी गई है।