गोरखपुर। गगहा थानाक्षेत्र के जगदीशपुर भलुआन गांव में 12 अगस्त को हुई कार्तिकेय (डेढ़ वर्ष) की मौत के मामले में घरवाले ही शक के दायरे में आ गए हैं। पुलिस को आसपास के जो सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, उसमें जिन पड़ोसियों पर आरोप है, वह नजर नहीं आ रहे हैं। कैमरे में दिख रहा है कि बच्चे को पिता लेकर जा रहे हैं और सुबह भी उन्हीं के पास था। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया है। बच्चे की मौत की वजह जाने के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें माता-पिता, रिश्तेदारों एवं उनके पड़ोसियों से बयान ले रही है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा के कड़हाचक के मूल निवासी सोनू सोनकर (32) की शादी भलुवान की मुस्कान (28) से वर्ष 2019 में हुई थी। बेटे कार्तिकेय के जन्म के बाद से सोनू पत्नी और बच्चे के साथ ससुराल जगदीशपुर भलुवान में रहता है। सोनू शराब पीने का आदी है। बच्चे की मौत के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।
आसपास के लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा हुआ करता था। विवाद बढ़ने पर आपस में मारपीट करते थे। बच्चे की भी पिटाई करते थे। कुछ का कहना है कि शनिवार को पति-पत्नी के बीच में झगड़ा हुआ था और रात में सोनू बच्चे को लेकर घर से चला गया था। हालांकि, बच्चे की मौत के बाद पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया गया है, लेकिन अब तक की जांच में उनकी भूमिका सामने नहीं आई है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सीसीटीवी की जांच में जिस पर आरोप लगाया गया है, उनकी कोई मौजूदगी नजर नहीं आई है। बिसरा जांच से मौत की वजह स्पष्ट होगी। पुलिस जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी।