गोरखपुर। सुभाषचंद्र बोस नगर में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल से वृंदावन काॅलोनी तक सीसी रोड, साइड पटरी इंटरलाकिंग व जल निकासी के लिए नाला निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। 1.660 किमी लंबे इस मार्ग के लिए 3.42 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत नगर निगम इसका निर्माण कराएगा। इसे लेकर बृहस्पतिवार को शासन की ओर से डीएम कृष्णा करुणेश को पत्र भी जारी कर दिया गया है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इस सड़क और नाले के निर्माण से बड़ी आबादी लाभान्वित होगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग सड़क व नाला निर्माण के लिए नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के पास दौड़ लगा रहे थे।